मिर्जापुर में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन बेहाल

तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से मिर्जापुर बेहाल, जगह-जगह गिरे पेड़ और टूटे बिजली के तार

मिर्जापुर। बुधवार शाम करीब 5:35 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी, मूसलाधार बारिश तथा ओलावृष्टि ने पूरे जिले में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जबकि कई जगह मोटी डालियां टूटकर रास्तों में फैल गईं।

आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे और विद्युत तार टूटकर जमीन पर आ गए। इससे कई मोहल्लों और गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि विद्युत विभाग की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी, जबकि अन्य स्थानों पर मरम्मत कार्य देर शाम तक जारी रहा।

पेड़ गिरने और बिजली के तार सड़कों पर आने से कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ। वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रास्तों से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया।

अचानक आए इस तूफानी मौसम से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लगभग 40 मिनट लगातार आंधी पानी के चलते जो जहां था उन्हें वहीं पर रुकने पर मजबूर कर दिया ।मौसम शांत होने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग नुकसान का आकलन करने में जुट गए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भारी संख्या में पेड़ों के गिरने और विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने की सूचनाएं लगातार प्राप्त होती रहीं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें