
# पुलिस सहायता बूथ बनने से सुरक्षित होगा बड़ी बसही-नटवा मार्ग, एसपी ने किया लोकार्पण
**मीरजापुर।** थाना कोतवाली कटरा क्षेत्रांतर्गत बड़ी बसही में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने नवनिर्मित पुलिस सहायता बूथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं फीता काटकर लोकार्पण किया। इस बूथ के शुरू होने से क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह पुलिस बूथ नटवा पुलिस चौकी को विंध्याचल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे विंध्याचल मंदिर दर्शन-पूजन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
इस अवसर पर जाने-माने उद्योगपति एवं समाजसेवी विकास जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी बसही से नटवा और विंध्याचल की ओर जाने वाला मार्ग पहले काफी सुनसान रहता था। यहां चेन खींचने जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, जिससे राहगीरों में असुरक्षा का भाव रहता था। अब पुलिस सहायता बूथ स्थापित होने से पुलिस की मौजूदगी रहेगी और लोग इस मार्ग से निर्भीक होकर निर्बाध रूप से आवागमन कर सकेंगे।
विकास जैन ने कहा कि आम जनमानस की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन की ऐसी पहल से जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है। इसका लाभ स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली कटरा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















