
नेगुरा रिबई सिंह में पुलिस चौकी निर्माण कार्य का भूमिपूजन, उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति रहीं मौजूद
मीरजापुर। थाना जिगना क्षेत्र के ग्राम नेगुरा रिबई सिंह में बुधवार को क्रिटिकल गैप्स योजना के अंतर्गत प्रस्तावित पुलिस चौकी निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान द्वारा सलामी गार्द का मान-प्रणाम ग्रहण करने से हुई। इसके उपरांत उन्होंने श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह (सदस्य विधान परिषद), कल्पराज सिंह (सदस्य लोक सेवा आयोग), जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की उपस्थिति में पुलिस चौकी निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति ने चौकी परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था और पुलिस सुविधाओं के विस्तार के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर, थानाध्यक्ष जिगना संजय सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।















