मिर्जापुर में 74 ट्रकों का चालान, 25.79 लाख रुपये जुर्माना वसूला

अवैध खनन पर शिकंजा: 74 वाहनों का चालान, 25.79 लाख रुपये जुर्माना वसूला

मीरजापुर। जनपद में अवैध खनन, उपखनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 74 वाहनों का ऑनलाइन चालान किया है। इन वाहनों से 25.79 लाख रुपये की शास्ति राशि वसूल कर सरकारी खाते में जमा कराई गई है।

निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मीरजापुर के निर्देश पर क्षेत्रीय अधिकारी भूतत्व एवं खनिकर्म सोनभद्र अनुज कुमार, खान अधिकारी मीरजापुर जितेंद्र सिंह तथा मुख्यालय लखनऊ से शिवम शुक्ला की संयुक्त टीम ने 1 जून से 23 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जनपद में उपखनिजों के अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग की रोकथाम के लिए व्यापक जांच की गई।

अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने उपखनिजों का परिवहन कर रहे 1612 वाहनों की जांच की। औचक निरीक्षण में 74 वाहनों में अनियमितताएं पाए जाने पर उनका ऑनलाइन चालान किया गया। वहीं 63 वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थानों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

खनन विभाग के अनुसार संबंधित वाहनों से देय रॉयल्टी, खनिमुख मूल्य और आरोपित शास्ति की वसूली की जा रही है। इसके अलावा ओवरलोड परिवहन करने वाले वाहनों को परिवहन प्रपत्र जारी करने वाले क्रशर प्लांट संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है। ऐसे मामलों में प्रति वाहन पांच लाख रुपये तक की शास्ति वसूले जाने की प्रक्रिया चल रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्थिति में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें