
एपीके फाइल भेजकर हुई साइबर ठगी की रकम वापस, कोतवाली देहात पुलिस ने दिलाई राहत
मिर्जापुर। मोबाइल पर एपीके (.apk) फाइल भेजकर की गई साइबर ठगी के मामले में थाना कोतवाली देहात की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को पूरी धनराशि वापस दिला दी। पुलिस के प्रयास से ठगी गई 4,000 रुपये की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस के अनुसार टीकापुर मसारी निवासी हेमंत कुमार बिन्द ने 8 मार्च 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल पर एपीके फाइल भेजी गई, जिसके माध्यम से उनके खाते से 4,000 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली देहात की साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक और वॉलेट से समन्वय स्थापित कर जांच की। कार्रवाई के दौरान ठगी गई पूरी धनराशि 4,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर हेमंत कुमार बिन्द ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए फर्जी लिंक, संदिग्ध फाइलों और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक तेरसू सिंह यादव तथा महिला आरक्षी प्रियंका सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















