
इंस्टाग्राम विज्ञापन के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को 15,288 रुपये वापस मिले
मीरजापुर। इंस्टाग्राम पर मिले एक शॉपिंग विज्ञापन के माध्यम से साइबर ठगी का शिकार हुए युवक के खाते में थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने 15,288 रुपये वापस कराए हैं। पीड़ित शुभम कसेरा निवासी पैरिया टोला, तुलसी चौक ने 6 मार्च 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि इंस्टाग्राम पर प्राप्त विज्ञापन के जरिए ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान उसका फोन हैक कर साइबर अपराधियों ने उसके खाते से 1.38 लाख रुपये की ठगी कर ली थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली शहर साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल टीम ने पीड़ित के खाते में 15,288 रुपये वापस कराए। शेष धनराशि की वापसी के लिए न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त करने हेतु आख्या प्रेषित की गई है।
खाते में धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने थाना पहुंचकर साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने पीड़ित को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए भविष्य में सतर्क रहने तथा अन्य लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की सलाह दी।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर ओझा एवं महिला आरक्षी पारुल श्रीवास्तवा की प्रमुख भूमिका रही।















