
हाईवे किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से घुसी कार, दंपती की मौत, छह घायल
मिर्जापुर। ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के लाहुरियादह गांव के पास मीरजापुर-हनुमना हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दंपती की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जा घुसी।
पुलिस के अनुसार, रविवार करीब दो बजे ट्रक संख्या UP67 AT 0054 हाईवे किनारे खड़ी थी। इसी दौरान आर्टिका कार संख्या MP21 ZD 7405 अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में जा टकराई। दुर्घटना में कार सवार विकास ताम्रकार (35) और उनकी पत्नी सोनम ताम्रकार (31), निवासी ग्राम बरही, थाना बरही, जनपद कटनी (मध्य प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में कार चालक हिमांशु ताम्रकार (27), निवासी उचेहरा, जनपद सतना (मध्य प्रदेश) सहित हीरालाल (23), सश्रम (17), राधा, शिवांश (4) तथा रुद्र (2) घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज सहित ड्रमण्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।















