
चोरी की बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार, तीन वारंटी भी दबोचे
मीरजापुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कटरा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक अभियुक्त को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से तीन वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर वाहनों की चोरी एवं उनकी बिक्री में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में 6 अक्टूबर को उप निरीक्षक कृष्ण कान्त त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर नटवा तिराहे के पास से दीपक पुत्र पप्पु निवासी भटेवरा, थाना चिल्ह, मीरजापुर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना कोतवाली कटरा में मुकदमा अपराध संख्या 310/2026, धारा 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
तीन वारंटी गिरफ्तार
अपराध नियंत्रण एवं वांछित, वारंटी तथा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 6 अक्टूबर को थाना पड़री पुलिस ने दो वारंटियों तथा थाना संतनगर पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार किया। तीनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
शांति व्यवस्था में 13 का चालान
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के क्रम में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 13 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें थाना विंध्याचल से 4, कोतवाली देहात से 2, चिल्ह से 3, कछवां से 1 तथा मड़िहान से 3 व्यक्ति शामिल हैं।














