
मिर्जापुर पुलिस की कार्रवाई: दो अपहरण के मामलों का खुलासा, दो अपहृताएं बरामद, तीन वारंटी समेत चार गिरफ्तार
मिर्जापुर। जनपद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने के दो मामलों का खुलासा कर दोनों अपहृताओं को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके अलावा अवैध चाकू के साथ एक आरोपी तथा तीन वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।
जमालपुर थाना क्षेत्र में 29 जून को दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जीवनाथपुर रेलवे फ्लाईओवर के पास से आरोपी कृष्णा कुमार निवासी ग्राम धारा, थाना जमालपुर को गिरफ्तार कर नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया।
पड़री थाना क्षेत्र में 22 जून को दर्ज नाबालिग के लापता होने के मामले में पुलिस ने बरकछा अंडरपास के पास से आरोपी राहुल चौहान निवासी भरूहना, थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर अपहृता को बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं चील्ह थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान चील्ह बाजार मस्जिद मोड़ के पास से अभिषेक सिंह उर्फ पपलू निवासी कोचारी, थाना सुरेरी, जनपद भदोही को एक अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया।
इसके अतिरिक्त जनपदीय पुलिस ने अभियान चलाकर चील्ह, लालगंज और अहरौरा थाना क्षेत्रों से एक-एक वारंटी सहित कुल तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत जनपद भर में 37 व्यक्तियों का चालान भी किया।















