UPTET-2026 की तैयारियों की समीक्षा, डीएम-एसपी ने दिए नकलविहीन परीक्षा के निर्देश

UPTET-2026 की तैयारियों की समीक्षा, डीएम-एसपी ने दिए नकलविहीन परीक्षा के निर्देश

मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में बैठक कर UPTET-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जनपदीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र प्रभारियों, परीक्षा नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों तथा मुख्य द्वार पर चेकिंग और फ्रिस्किंग में तैनात पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में UPTET-2026 का आयोजन किया जाएगा। जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 36,960 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

बैठक में निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसकी भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें