
मीरजापुर। थाना राजगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का एक टेम्पो बरामद किया है। पुलिस ने बरामद वाहन पर लगी फर्जी नंबर प्लेट भी उजागर की है।
पुलिस के अनुसार, थाना राजगढ़ क्षेत्र के ग्राम विशुनपुरा निवासी पिंटू ने 8 सितंबर 2025 को घर के बाहर खड़े टेम्पो संख्या यूपी-63-एटी-8236 के चोरी होने की तहरीर दी थी। इस संबंध में थाना राजगढ़ पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत थाना राजगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नदिहार बाजार पुलिया के पास से सोनभद्र जनपद के चुर्क बाजार निवासी मनोज केशरी (26) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक टेम्पो बरामद हुआ, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट यूपी-63-टी-5630 लगी थी।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विशुनपुरा से टेम्पो चोरी किया था। पहचान छिपाने के लिए वाहन का वास्तविक नंबर हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी गई थी। आरोपी ने बताया कि उसके दोनों साथी वाहन चोरी के अन्य मामलों में वाराणसी से गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। वह बरामद टेम्पो को बेचने के उद्देश्य से जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बरामद टेम्पो को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। आरोपी के विरुद्ध हत्या, लूट, हत्या के प्रयास तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं।














