
50वें इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 की तैयारियां शुरू, पहली बैठक में व्यवस्थाओं पर मंथन
भदोही। 50वें (गोल्डन जुबली) इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत शुक्रवार को कारपेट एक्सपो मार्ट में पहली तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने की।
बैठक में अक्तूबर 2026 में आयोजित होने वाले 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन से जुड़ी संभावित चुनौतियों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में विदेशी खरीदारों एवं आगंतुकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इसके तहत विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, साइनज, अग्नि सुरक्षा, भवन अनुरक्षण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्णय लिया गया।
मेला संयोजक वासिफ अंसारी सहित प्रशासनिक समिति के सदस्य अनिल कुमार सिंह, रवि पटोदिया, इम्तियाज अहमद, संजय गुप्ता, पियूष कुमार बरनवाल और रोहित गुप्ता ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी ने 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 को अब तक का सर्वश्रेष्ठ एवं ऐतिहासिक आयोजन बनाने के लिए समन्वित और प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में यह भी कहा गया कि गोल्डन जुबली इंडिया कारपेट एक्सपो केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग की 50 वर्षों की उत्कृष्ट परंपरा, गुणवत्ता, नवाचार और वैश्विक उपलब्धियों का उत्सव होगा। यह आयोजन भारतीय हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने के साथ निर्यात संवर्धन और नए व्यापारिक अवसरों के सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।













