
गलत खाते में ट्रांसफर हुए पांच हजार रुपये साइबर सेल ने पीड़ित को दिलाए वापस
मीरजापुर। कोतवाली शहर थाना की साइबर सेल टीम ने गलत खाते में यूपीआई के माध्यम से स्थानांतरित हुई पांच हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराकर राहत दिलाई। मामले में साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
घंटाघर निवासी महताब हुसैन ने 29 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे गलती से यूपीआई के माध्यम से पांच हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। इसके बाद उन्होंने कोतवाली शहर थाना की साइबर सेल में भी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। जांच के उपरांत साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को पीड़ित के खाते में पूरी पांच हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी।
राशि वापस मिलने पर महताब हुसैन ने साइबर सेल टीम का आभार जताया। पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए अन्य लोगों को भी ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।














