
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना का पोर्टल बना परेशानी का सबब, आवेदन जमा न होने से किसान चिंतित
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश सरकार की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद मिर्जापुर के कई इच्छुक आवेदकों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदकों का आरोप है कि वे लगातार पोर्टल पर आवेदन भरने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अंतिम चरण में आवेदन सबमिट नहीं हो पा रहा है, जिससे योजना का लाभ मिलने को लेकर चिंता बढ़ गई है। योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। 
आवेदकों का कहना है कि आवेदन पत्र भरने के बाद पोर्टल बार-बार तकनीकी त्रुटि दिखा रहा है या प्रक्रिया बीच में ही रुक जा रही है। इससे कई लोग बार-बार प्रयास करने के बावजूद सफल नहीं हो पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सर्वर और ऑनलाइन व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में पात्र आवेदक योजना के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
इच्छुक किसानों और पशुपालकों ने शासन एवं संबंधित विभाग से पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने तथा आवेदन प्रक्रिया को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि अंतिम तिथि से पहले सभी पात्र अभ्यर्थी बिना किसी बाधा के अपना आवेदन जमा कर सकें।















