मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, विंध्याचल में सुरक्षा व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित जनपद भ्रमण को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने रविवार को विंध्याचल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड, मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर तथा प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विंध्याचल हेलीपैड पर साफ-सफाई, सुरक्षा घेरा, अग्निशमन एवं एंबुलेंस की व्यवस्था का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग को हेलीपैड से मंदिर तक के मार्ग को गड्ढामुक्त कराने तथा दोनों ओर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका को विशेष अभियान चलाकर युद्धस्तर पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह, दर्शन लाइन, प्रसाद काउंटर और शौचालयों की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि वीवीआईपी आगमन के दौरान श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अलग मार्ग निर्धारित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, एसएलओ गुलाब चंद, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.के. पांडेय, राजकीय निर्माण निगम एवं नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें