नीट परीक्षा में सफलता पर एस.एन. पब्लिक स्कूल की छात्रा सोनम मौर्य का हुआ सम्मान

मिर्जापुर, 25 जुलाई। एस.एन. पब्लिक स्कूल, मुसफ्फरगंज ब्रांच में शनिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता प्राप्त करने वाली विद्यालय की मेधावी छात्रा कुमारी सोनम मौर्य के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजेश सिंह ने छात्रा को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि सोनम मौर्य की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की यह छात्रा अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की परंपरा के अनुसार हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हो और वे आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती संध्या सिंह एवं प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शुक्ला ने भी छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करेंगे।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने कुमारी सोनम मौर्य एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें