
श्रावण मेले के दौरान 31 जुलाई से 28 अगस्त तक मीरजापुर में रहेगा यातायात डायवर्जन, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
मीरजापुर, 25 जुलाई 2026। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मीरजापुर पुलिस ने 31 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। यह व्यवस्था मुख्य रूप से प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को लागू रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर मंगलवार एवं बुधवार को भी कांवड़ियों की संख्या के अनुसार डायवर्जन लागू किया जा सकेगा।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, डेयरी, पेट्रोलियम, फायर सर्विस, पुलिस तथा फल-सब्जी जैसी आवश्यक वस्तुओं से लदे वाहनों को आवश्यकता के अनुसार अनुमति दी जाएगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान रॉबर्ट्सगंज तिराहा, मड़िहान, राजगढ़, घोरावल, चुनार, बरकछा, समोगरा बाईपास, गैपुरा, शास्त्री ब्रिज, गोपीगंज, औराई, लालगंज, नारायणपुर सहित विभिन्न मार्गों पर भारी एवं हल्के वाहनों का रूट परिवर्तित रहेगा। कई स्थानों पर भारी वाहनों को प्रयागराज, वाराणसी, चुनार और लालगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि प्रमुख तिथियों पर अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यह विशेष डायवर्जन व्यवस्था 31 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी।















