जुबली इंटर कॉलेज का जर्जर क्लासरूम भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे छात्र

जुबली इंटर कॉलेज का जर्जर क्लासरूम भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे छात्र

मिर्जापुर। पुलिस लाइन परिसर स्थित जुबली इंटर कॉलेज में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे कक्षा 8 के छात्रों के लिए संचालित होने वाला क्लासरूम अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद कमरे में लगी कुर्सियां और मेज टूटकर मलबे में बिखर गईं। गनीमत रही कि घटना के समय कक्षा में छात्र मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस समय क्लासरूम गिरा, उस वक्त वहां छात्र नहीं थे। कमरे के अंदर रखी कुर्सी-मेज समेत अन्य सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज के साथ कमरे के गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि यही घटना करीब दो घंटे बाद होती, जब विद्यालय में कक्षा 8 के छात्र पढ़ाई के लिए पहुंच चुके होते, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। लोगों का कहना है कि उस समय कमरे में करीब 50 छात्र मौजूद हो सकते थे और बड़ी संख्या में बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

घटना ने विद्यालय भवन की सुरक्षा और जर्जर कमरों की स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विद्यालय के सभी पुराने भवनों और कक्षाओं का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, ताकि किसी अन्य जर्जर हिस्से के कारण बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।

हादसे के बाद विद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग तेज हो गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस कमरे में बच्चों की कक्षाएं संचालित होती थीं, उसकी जर्जर स्थिति के बावजूद वहां पढ़ाई क्यों कराई जा रही थी और क्या विद्यालय के अन्य कमरों की भी स्थिति सुरक्षित है? लोगों का कहना है कि जब से बेनी माधव दास जनपद के दानवीर उर्फ नाबालिक साव ने पूरे विद्यालय को जमीन दान में दी थी निर्माण कराया था उसके बाद रखरखाव की हालत सुधरने की बजाय बिगड़ती चली गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें