मीरजापुर में 48 नव चयनित प्राविधिक सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र

मीरजापुर में 48 नव चयनित प्राविधिक सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र

मीरजापुर, 25 अगस्त। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 48 अभ्यर्थियों को मंगलवार को विकास भवन सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक, मड़िहान विधायक, जिला सहकारी समिति के अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल और नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।

नगर विधायक ने नव चयनित प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कृषि विस्तार को बढ़ावा दे रही है। प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से किसानों तक कृषि की आधुनिक तकनीक और नई जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।

मड़िहान विधायक ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के निरंतर अवसर उपलब्ध करा रही है। कृषि विभाग में हुई इन नियुक्तियों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नव नियुक्त प्राविधिक सहायकों से अपेक्षा की कि वे कृषि विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराएं।

गौरतलब है कि लखनऊ के जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के कुल 3446 चयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मीरजापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

इस अवसर पर उप निदेशक कृषि रक्षा दीपक चौधरी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार, जनपद सलाहकार डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी समेत कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें