
शराब पीने के दौरान विवाद में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के बरबसपुर मिश्र लहौली गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक की गैर इरादतन हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रक्तरंजित पैंट भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, भरूहना निवासी रमेश चंद्र विश्वकर्मा ने 25 अगस्त को तहरीर देकर बताया था कि उनके पुत्र अनिल विश्वकर्मा के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली देहात में मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सुरागरसी, पतारसी तथा इलेक्ट्रानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने के बाद मुखबिर की सूचना पर आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू (40) निवासी बड़ा सखौरा फतहा, थाना कोतवाली शहर को गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक अनिल कुमार विश्वकर्मा के साथ शराब पीने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान अनिल ने गाली-गलौज की तो वह आवेश में आ गया और पास में रखी एल्यूमिनियम की डेकची से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रक्तरंजित पैंट बरामद की है। घटनास्थल से ब्ल्यू लाइम देशी शराब का पाउच और गिलास भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेजा जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक मुनीम गुप्ता समेत कोतवाली देहात पुलिस टीम शामिल रही।















