मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर RPF कार्रवाई के दौरान वीडियो डिलीट कराने का आरोप

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर RPF कार्रवाई के दौरान वीडियो डिलीट कराने का आरोप

मिर्जापुर। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर रात वाहन खड़ा करने को लेकर RPF और वाहन चालक के बीच नोकझोंक हो गई। RPF की ओर से वाहन चालक पर 500 रुपये की पेनाल्टी किए जाने के बाद मामला गरमा गया। वाहन चालक का कहना था कि उसे स्टेशन परिसर में वाहन खड़ा करने के नियम की जानकारी नहीं थी। वाहन चालक ने स्वयं को एक राजनीतिक दल का कार्यकर्ता भी बताया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक युवक अपने मोबाइल फोन से पूरी कार्रवाई का वीडियो रिकॉर्ड करने लगा। आरोप है कि RPF के एक सिपाही ने वीडियो बना रहे युवक के हाथ से मोबाइल छीन लिया और रिकॉर्ड किया गया वीडियो डिलीट कराने के लिए उसे मोटरसाइकिल सवार UP 70 GO 6719 को दे दिया गया। आरोप है कि इसके बाद मोबाइल में बनाया गया वीडियो डिलीट कर दिया गया। युवक पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं कर रहा था और केवल घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहा था।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में RPF और वाहन चालक के बीच हुई नोकझोंक के साथ-साथ मौके पर मौजूद लोगों की गतिविधियां भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

वहीं, घटनास्थल पर मौजूद RPF के एक सिपाही द्वारा कथित तौर पर अपना परिचय देते हुए यह भी कहा गया कि वह फला गांव का रहने वाला है। इस बात को लेकर भी मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा होती रही।

मामले में सवाल यह उठ रहा है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर पुलिस और आम नागरिक के बीच हो रही कार्रवाई को बिना किसी हस्तक्षेप के रिकॉर्ड कर रहा था, तो उसका मोबाइल लेकर वीडियो डिलीट कराने की जरूरत क्यों पड़ी। हालांकि, वीडियो डिलीट कराने तथा पूरी घटना को लेकर RPF का आधिकारिक पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया था।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें