
मीरजापुर, 26 अगस्त। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर मातृशक्ति योजना का बुधवार को मीरजापुर में भव्य शुभारंभ हुआ। राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की माताओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की गई।
रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस दौरान एक सहयात्री को भी साथ ले जाने की सुविधा रहेगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने 500 माताओं और बहनों को साड़ी एवं मिठाई का डिब्बा देकर सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि डबल इंजन सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी माताओं को अब परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा बढ़ाने के लिए 500 नई बसों की खरीद की जा रही है, जिससे उन गांवों तक भी बस सेवा पहुंचाई जाएगी जहां अभी नियमित संचालन नहीं है।
कार्यक्रम में सहकारिता अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल ने मातृशक्ति को समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति बताते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिंद, प्रदेश उपाध्यक्ष आईटी मंच दुर्गेश सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, उप निदेशक कृषि विकेश पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में माताएं-बहनें मौजूद रहीं।















