
राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव का ऐलान, यूपी की 10 सीटें शामिल
16 अक्टूबर को मतदान, उसी दिन होगी मतगणना
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 12 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड की एक और पश्चिम बंगाल की एक सीट शामिल है। सभी सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
यूपी की 10 सीटों पर नजर
उत्तर प्रदेश में जिन 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरजा शेखर, बृजलाल, राम गोपाल यादव, रामजी, बी.एल. वर्मा, सीमा, दिनेश शर्मा और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। इन सीटों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होना है। 
राज्यसभा चुनाव में जनता सीधे मतदान नहीं करती। संबंधित राज्य के निर्वाचित विधायक वरीयता के आधार पर मतदान करते हैं।















