
स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन में 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
मीरजापुर, 15 अक्टूबर। वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को मतदान के दिन पात्र मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग की 13 अक्टूबर 2026 की विज्ञप्ति के अनुसार राज्यपाल द्वारा यह अवकाश स्वीकृत किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के ऐसे कर्मचारी, जो स्नातक हैं तथा वाराणसी खण्ड स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए वैध मतदाता हैं, उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों के नियंत्रक प्राधिकारियों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि शासन के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं, ताकि पात्र मतदाता मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।















