
विंध्याचल में दर्शनार्थियों के मोबाइल चुराने वाले तीन युवक गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में; दो लाख के नौ मोबाइल बरामद
धर्मशाला में परिवार के सोते समय चोरी हुए थे पांच मोबाइल, चोरी के मोबाइलों की खरीद-बिक्री भी करते थे आरोपी
मीरजापुर। विंध्याचल दर्शन-पूजन करने आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल और सामान चोरी करने के मामले में विंध्याचल पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र के रायपुर पुरवा निवासी प्रियान्सु नितिन कुमार 13 अक्टूबर को परिवार के साथ विंध्याचल आए थे। धर्मशाला में परिवार के साथ आराम करते समय उनके परिवार के पांच मोबाइल फोन चोरी हो गए। पीड़ित की तहरीर पर विंध्याचल थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद 14 अक्टूबर को उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा और पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मामले में प्रकाश में आए आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से नौ मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विंध्याचल में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन और अन्य सामान मौका देखकर चोरी करते थे। इनमें देवा और रोहित चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री भी करते थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई, जबकि बाल अपचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा तथा विंध्याचल थाने की पुलिस टीम शामिल रही।













