नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने विंध्याचल स्टेशन पहुंचे अपर मंडल रेल प्रबंधक

नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने विंध्याचल स्टेशन पहुंचे अपर मंडल रेल प्रबंधक

यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, टिकट वितरण और सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

मीरजापुर। शारदीय नवरात्रि मेला-2026 के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर मेले के दौरान की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (गुड्स) कृष्ण कुमार राय भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, श्रद्धालुओं के आवागमन, टिकट वितरण, पेयजल, साफ-सफाई, यात्री सहायता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में आवागमन व्यवस्थित रखने और यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने संबंधित रेलकर्मियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सतर्कता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सेवा कार्यों की सराहना

निरीक्षण के दौरान दीपक कुमार ने श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करा रही सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की टीम से मुलाकात की। उन्होंने टीम के सदस्यों से मेले के दौरान किए जा रहे सेवा कार्यों और चिकित्सा सहायता के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, जरूरतमंद श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में टीम के योगदान की सराहना की।

रेलवे प्रशासन की ओर से नवरात्रि मेले के दौरान टिकट व्यवस्था, यात्री सहायता, स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उद्देश्य है कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण में अपनी रेल यात्रा पूरी कर सकें।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें