
रेलवे ट्रैक पार करने पर 1188 लोग गिरफ्तार, चुनार में 120 के खिलाफ कार्रवाई
प्रयागराज मंडल में जनवरी से 15 अक्टूबर तक चला विशेष अभियान, मिर्जापुर में 31 लोग पकड़े गए
मीरजापुर। रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने और पटरियां पार करने वालों के खिलाफ उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। मंडल में 1 जनवरी से 15 अक्टूबर 2026 तक ट्रेसपासिंग के आरोप में कुल 1,188 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही ट्रेनों का सुचारू और समयबद्ध संचालन बनाए रखना है।
चुनार में 120, मिर्जापुर में 31 गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल की पोस्टवार कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज जंक्शन में सबसे अधिक 141 लोगों को गिरफ्तार किया गया। चुनार रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के अंतर्गत 120 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई, जबकि कानपुर सेंट्रल में 119, नैनी में 99 और फतेहपुर में 95 लोग गिरफ्तार किए गए।
मिर्जापुर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के अंतर्गत इस अवधि में 31 लोगों को रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं, प्रयागराज छिवकी में 88, कानपुर अनवरगंज में 65 तथा पनकी धाम, फफूंद और अलीगढ़ में 55-55 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मार्च में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां
माहवार आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च में सर्वाधिक 259 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मई में 226, अप्रैल में 164, जनवरी में 131 और सितंबर में 111 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। फरवरी में 109 तथा जून में 98 लोग गिरफ्तार किए गए। जुलाई में 40, अगस्त में 43 और 15 अक्टूबर तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
रेलवे ट्रैक पार करना जानलेवा
रेलवे प्रशासन के अनुसार, रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार करना कानूनन अपराध है। तेज गति से आने वाली ट्रेन का सही समय पर अनुमान लगाना मुश्किल होता है और थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। ऐसी घटनाएं रेलगाड़ियों के सुचारू संचालन को भी प्रभावित कर सकती हैं।
रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज, सबवे अथवा निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें। किसी भी परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पार करने का जोखिम न उठाएं।
प्रयागराज मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने और सुरक्षित रेल परिचालन में सहयोग देने की अपील की है।















