
मीरजापुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट के दो बाल अपचारी हिरासत में; 567 किलो पटाखे बरामद
मीरजापुर, 29 अक्टूबर। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए लूट के मामले में दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से 16 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं, कोतवाली शहर और राजगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से भंडारित 567 किलोग्राम बारूदयुक्त पटाखे बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी, जुआ खेलते 13 लोगों की धरपकड़ और तीन वारंटियों की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर की गई इन कार्रवाइयों में विभिन्न थानों की पुलिस टीम शामिल रही।
बैंक से रुपये लेकर भागने के मामले में दो बाल अपचारी हिरासत में
विंध्याचल थाना क्षेत्र के पियरीभीट निवासी इंद्रमणि बिंद ने 27 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बैंक से निकाले गए रुपये मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोग लेकर भाग गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने 29 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से 16 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायालय एवं बाल सुधार गृह भेजा।
567 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार
दीपावली, धनतेरस और छठ पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली शहर और राजगढ़ पुलिस को सफलता मिली।
कोतवाली शहर पुलिस ने रमईपट्टी तिराहे के पास से ओम प्रकाश गुप्ता के कब्जे से 229 किलोग्राम बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए। इनमें बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझड़ी और रॉकेट आदि शामिल हैं।
वहीं, राजगढ़ पुलिस ने नदिहार गांव से असगर अली के कब्जे से 338 किलोग्राम बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
10 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
चुनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संतोष नामक आरोपी को 10 लीटर अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
जुआ खेलते 13 लोग गिरफ्तार, 37,920 रुपये बरामद
अदलहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जीत-हार की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 37,920 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की।
तीन वारंटी गिरफ्तार, 12 व्यक्तियों का चालान
चुनार पुलिस ने अभियान के तहत तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 12 व्यक्तियों का चालान किया गया।
थानावार कार्रवाई में चिल्ह से एक, जमालपुर से पांच, अहरौरा से तीन और राजगढ़ से तीन व्यक्तियों का चालान किया गया।



















