पूर्व IAS दिव्या मित्तल से जुड़ने को उत्सुक लोग, संपर्क व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल

पूर्व IAS दिव्या मित्तल से जुड़ने को उत्सुक लोग, संपर्क व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल

**मिर्जापुर में पांचों विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज, प्रदेशभर से कार्यक्रमों में बुलाने और इंटरव्यू के लिए मिल रहे अनुरोध**

**मिर्जापुर।** पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल से जुड़ने, उनसे मुलाकात करने, अपने जिलों में कार्यक्रम आयोजित कराने और उनके कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आम जनमानस के बीच उन्हें लगातार मिल रहे अपार प्रेम और समर्थन को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। बड़े मीडिया चैनलों, मीडिया हाउस और पत्रकारों के बीच भी उनका इंटरव्यू करने तथा उनके आगामी कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हालांकि, उनसे सीधे संपर्क स्थापित करने के इच्छुक लोगों के सामने फिलहाल संपर्क व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। लोगों का कहना है कि दिव्या मित्तल की ओर से जारी किए गए नंबरों पर आईवीआर (इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस) की सुविधा उपलब्ध है। इन नंबरों पर अपनी बात रिकॉर्ड कराने और संदेश भेजने की व्यवस्था तो है, लेकिन सीधे बातचीत या जवाब नहीं मिल पाने के कारण लोग असमंजस में हैं। कई लोग उनसे अपने कार्यक्रमों के संबंध में बात करना चाहते हैं तो कई पत्रकार इंटरव्यू के लिए समय लेने का प्रयास कर रहे हैं।

इस संबंध में जब दिव्या मित्तल के सामने संपर्क व्यवस्था को लेकर सवाल रखा गया तो उन्होंने भी स्वीकार किया कि वह खुद इस समस्या से परेशान हैं। उनका कहना था कि जारी किए गए नंबरों पर बड़ी संख्या में लोग लगातार फोन और मैसेज कर रहे हैं। अत्यधिक कॉल और संदेश आने के कारण कई बार जारी नंबर भी डीएक्टिवेट हो जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए टेक्नोलॉजी का सहारा लेने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों के फोन कॉल और संदेशों पर उनकी बात के अनुरूप उचित प्रतिक्रिया दी जा सके। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

दिव्या मित्तल ने आम जनमानस से लगातार मिल रहे अपार प्रेम, स्नेह और समर्थन के लिए जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि लोगों से मिल रहे इस प्रेम और विश्वास से वह अभिभूत हैं। जनता जनार्दन की उम्मीदों और अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। जनता से मिल रहे निरंतर स्नेह से प्रेरित होकर उन्होंने लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही है।

इधर, मिर्जापुर में भी दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक पहल के तहत पांचों विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। विधानसभा क्षेत्रवार लोगों से संवाद स्थापित करने, स्थानीय समस्याओं और जनभावनाओं को समझने तथा अपनी आगामी रणनीति को लेकर संपर्क बढ़ाया जा रहा है। उनके अभियान को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से मिल रहे आमंत्रण, मीडिया के बढ़ते सवाल और लोगों की उनसे सीधे संवाद करने की उत्सुकता के बीच अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिव्या मित्तल कब ऐसी प्रभावी संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराती हैं, जिससे आम लोग, सामाजिक संगठनों, कार्यक्रम आयोजकों और पत्रकारों को अपनी बात सीधे उन तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें