
मड़िहान में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार, चील्ह में अवैध चाकू के साथ एक युवक पकड़ा गया
मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़िहान पुलिस ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं चील्ह पुलिस ने अवैध चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 18 व्यक्तियों का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर मड़िहान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चंद्रमनी पुत्र शिवकुमार कोल निवासी काशोपुर पचोखरा को उसके घर से गिरफ्तार किया। महिला की तहरीर पर 21 सितंबर 2026 को दर्ज मुकदमे में विवेचना के दौरान आरोपी का नाम सामने आया था। पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
इसी क्रम में चील्ह पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर नीरज पुत्र साहू लाल निवासी जगदीशपुर को एक अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
18 व्यक्तियों का चालान
जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 18 व्यक्तियों का चालान किया गया। इनमें कोतवाली शहर से दो, कोतवाली देहात से चार, चील्ह से एक, पड़री से चार, कछवां से दो, अदलहाट से दो तथा अहरौरा से तीन व्यक्ति शामिल हैं।















