
### कनाडा के गणित विशेषज्ञ दिनेश रस्तोगी ने बजाज स्कूल में विद्यार्थियों को सिखाए गणित के आसान और रोचक तरीके
मानसिक गणना, तार्किक सोच और गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर; शिक्षकों को भी दिया आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का मार्गदर्शन
मिर्जापुर। गणित को कठिन विषय के बजाय सरल, रोचक और आनंददायक बनाने के उद्देश्य से सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर में विशेष शैक्षणिक पहल की जा रही है। कनाडा से पहुंचे गणित विशेषज्ञ दिनेश रस्तोगी ने 16 एवं 17 नवंबर को विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित कर गणित शिक्षण की नवीन तकनीकों से परिचित कराया।
कक्षा 3 से 7 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित सत्रों में दिनेश रस्तोगी ने मानसिक गणना की सरल एवं प्रभावी विधियां सिखाईं। विभिन्न रोचक गतिविधियों और व्यावहारिक प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने तेजी से गणना करने, तार्किक सोच विकसित करने तथा गणितीय समस्याओं को आत्मविश्वास के साथ हल करने के नए तरीके सीखे। इन गतिविधियों ने गणित के प्रति बच्चों की रुचि बढ़ाने और विषय को समझकर सीखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, टीचिंग-लर्निंग मटेरियल (TLM), गतिविधि आधारित शिक्षण तथा बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। कक्षा अवलोकन के बाद दिए गए रचनात्मक सुझावों से शिक्षकों को अपने शिक्षण कौशल में सुधार और कक्षाओं को अधिक संवादात्मक एवं प्रभावशाली बनाने के नए अवसर मिले।
विद्यालय में यह शैक्षणिक कार्यक्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। सीनियर विंग में दो दिवसीय आयोजन के बाद अगले दो दिनों तक बजाज एकेडमी और फिर दो दिनों तक बजाज किंडरगार्टन विंग में गणितीय कार्यशालाएं एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंतिम दिन तीनों शाखाओं के शिक्षकों की संयुक्त कार्यशाला होगी, जिसमें वे दिनेश रस्तोगी के अनुभव और विशेषज्ञता से लाभान्वित होंगे।
उल्लेखनीय है कि दिनेश रस्तोगी प्रतिवर्ष कनाडा से दो बार विद्यालय का विशेष भ्रमण करते हैं। उनके निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन से विद्यालय की प्राथमिक कक्षाओं में गणित शिक्षण की विशेष पद्धति विकसित की गई है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में गणित के प्रति रुचि पैदा करना, मानसिक गणना क्षमता को मजबूत करना तथा रटने के बजाय समझकर सीखने की आदत विकसित करना है।
विद्यालय परिवार ने दिनेश रस्तोगी के बहुमूल्य समय, निरंतर सहयोग, प्रेरणादायक मार्गदर्शन एवं ज्ञानवर्धक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।















