चुनार जंक्शन पर यात्रियों को RailOne ऐप के प्रति किया गया जागरूक

चुनार जंक्शन पर यात्रियों को RailOne ऐप के प्रति किया गया जागरूक, मोबाइल पर डाउनलोड कराकर बताईं डिजिटल सुविधाएं

अनारक्षित टिकट की डिजिटल बुकिंग पर 3 प्रतिशत छूट की भी दी गई जानकारी

मीरजापुर। रेलवे यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल के चुनार जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने यात्रियों को RailOne ऐप की उपयोगिता बताते हुए उनके एंड्रॉयड मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराया और इसके माध्यम से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं के इस्तेमाल की जानकारी दी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रेल कर्मचारियों ने यात्रियों को बताया कि RailOne ऐप के जरिए रेलवे की कई महत्वपूर्ण यात्री सेवाओं का लाभ एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राप्त किया जा सकता है। यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने तथा आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बुकिंग और रद्दीकरण की प्रक्रिया भी समझाई गई।

अभियान के दौरान यात्रियों को रेलवे टिकट काउंटरों से आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट लेते समय UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों का अधिकाधिक इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। रेल कर्मचारियों ने बताया कि डिजिटल भुगतान से टिकट खरीदने की प्रक्रिया सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनती है। साथ ही ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट की बुकिंग पर डिजिटल भुगतान करने पर मिलने वाली तीन प्रतिशत छूट की जानकारी भी दी गई।

रेलवे की ओर से RailOne ऐप की प्रमुख सुविधाओं में ट्रेन की जानकारी, कोच पोजीशन, पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की वास्तविक समय की स्थिति, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बुकिंग और रद्दीकरण, ई-कैटरिंग के जरिए ऑनलाइन भोजन की बुकिंग तथा शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने की सुविधा शामिल है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे रेल यात्रा से जुड़ी डिजिटल सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करें और सुरक्षित एवं सुविधाजनक डिजिटल भुगतान माध्यमों को अपनाकर रेलवे की आधुनिक सेवाओं का लाभ उठाएं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें