
मीरजापुर में दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
चुनार और मड़िहान पुलिस की कार्रवाई, कानून-व्यवस्था के तहत 33 लोगों का भी चालान
मीरजापुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।
पहले मामले में चुनार थाना क्षेत्र की एक महिला ने 1 अक्टूबर 2026 को नामजद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म करने और धमकी देने की तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक महेंद्र यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर जौगढ़ मरचहिया टोला मार्ग से आरोपी रामकुमार निवासी जौगढ़ मरचहिया, थाना चुनार को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में मड़िहान थाना क्षेत्र की एक महिला ने 24 नवंबर को नामजद आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। गुरुवार को उपनिरीक्षक चंद्रजीत यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर महुआरी गांव के पास से आरोपी मनीष निवासी महुआरी दाढ़ीराम, थाना मड़िहान को गिरफ्तार कर लिया।
33 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई
इधर, जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत 33 व्यक्तियों का चालान किया।
थानावार कार्रवाई में शहर कोतवाली से 2, कटरा से 7, विंध्याचल से 1, चील्ह से 1, कछवां से 1, पड़री से 4, लालगंज से 6, जिगना से 3, ड्रमंडगंज से 1, चुनार से 3, अदलहाट से 1 और जमालपुर से 3 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।















