
इको स्पोर्ट कार में छिपाकर ले जा रहे थे 50.8 किलो गांजा, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर, 21 सितंबर 2026 मिर्जापुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 50.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। थाना कोतवाली देहात पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने इको स्पोर्ट कार में गांजा छिपाकर ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 35 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने कोतवाली देहात क्षेत्र के छितपुर मोड़, बरकछा खुर्द के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान इको स्पोर्ट कार संख्या UP90N2087 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से चार प्लास्टिक की बोरियों में रखा कुल 50.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमेन्द्र सिंह (23) पुत्र बलवीर सिंह, निवासी विलहरका, थाना करतल, जनपद बांदा और तुषार कुमार (24) पुत्र बाबूलाल, निवासी वजीरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।
ओडिशा से बांदा ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे कार चालक के रूप में काम करते हैं। एक अन्य व्यक्ति के कहने पर वे इको स्पोर्ट कार में ओडिशा से गांजा लादकर बांदा ले जा रहे थे। इसके बदले उन्हें पैसे मिलने थे। हालांकि, मिर्जापुर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गांजा तस्करी में प्रयुक्त इको स्पोर्ट कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में कोतवाली देहात थाने में मु0अ0सं0-460/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी 21 सितंबर 2026 को सुबह 7:14 बजे छितपुर मोड़, बरकछा खुर्द के पास से की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक राजीव सिंह, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस तथा उपनिरीक्षक ऋषिदेव शुक्ल, चौकी प्रभारी करनपुर, थाना कोतवाली देहात सहित पुलिस टीम शामिल रही।















