
मिर्जापुर में फर्जी वर्दीधारी गिरफ्तार, ट्रॉली बैग से JAP की वर्दी और आईडी कार्ड बरामद।
मिर्जापुर में फर्जी वर्दी पहनकर खुद को सेना का जवान बताता था आरोपी, चोरी की पायल समेत गिरफ्तार
मिर्जापुर, 21 सितंबर 2026। मिर्जापुर पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी समेत नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी के कब्जे से चांदी की पायल समेत मोबाइल, नकदी और ट्रॉली बैग बरामद किया। बैग से झारखंड सशस्त्र वाहिनी की वर्दी, आईडी कार्ड और अन्य सामान भी मिला।
घर में रहकर बक्से से चोरी की थी पायल
पड़री थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवन निवासी सत्यप्रकाश गौतम ने 20 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात झारखंड आर्म्ड पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान परिचय होने के बाद उक्त व्यक्ति 7 सितंबर को उसके घर आया और वहीं रहने लगा। इसी दौरान घर में रखे बक्से से चांदी की पायल चोरी हो गई।
तहरीर के आधार पर पड़री थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, सोमवार को सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक संजय कुमार और विजय शंकर यादव की टीम ने गुरखुली बस स्टैंड के पास से गोपाल उर्फ सौरभ, निवासी झुमरी तलैया, जिला कोडरमा, झारखंड को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से एक इस्तेमाल की हुई पायल, 310 रुपये नकद, मोबाइल फोन और ट्रॉली बैग बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक ट्रॉली बैग की तलाशी में आर्मी कलर की दो वर्दियां मिलीं, जिन पर JAP और कमांडो का मोनोग्राम लगा था। इसके अलावा नेम प्लेट, झारखंड सशस्त्र वाहिनी के दो आईडी कार्ड, सीटी और बेल्ट भी बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किसी सेना या सशस्त्र बल में कार्यरत नहीं है और शौक के तौर पर वर्दी रखता था तथा उसे पहनकर स्वयं को सेना में कार्यरत बताता था। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार
अहरौरा थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी छोटू बिंद को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को नाबालिग के पिता ने तहरीर देकर बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया था।
मामले में अहरौरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सोमवार को उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह की टीम ने आरोपी छोटू बिंद निवासी मादाचक धुरिया, थाना अहरौरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
छह वारंटी गिरफ्तार
मिर्जापुर पुलिस ने विभिन्न थानों में अभियान चलाकर छह वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें लालगंज से एक, जिगना से दो, ड्रमंडगंज से दो और मड़िहान से एक वारंटी शामिल है। सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
15 व्यक्तियों का चालान
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 15 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें कोतवाली शहर से एक, कटरा से एक, कोतवाली देहात से दो, लालगंज से दो, हलिया से दो, संतनगर से पांच, अहरौरा से एक और मड़िहान से एक व्यक्ति शामिल है।















