सड़कों की बदहाली पर मंत्री नंद गोपाल गुप्ता सख्त

सड़कों की बदहाली पर प्रभारी मंत्री सख्त, समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्ति अभियान पूरा करने के निर्देश

प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने की जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक, जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

मिर्जापुर, 21 सितंबर 2026। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री तथा मिर्जापुर के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने सोमवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज, नगर पालिका अध्यक्ष मिर्जापुर श्याम सुंदर केशरी, भाजपा जिला महामंत्री रवि पांडे, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित पार्टी पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करने तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन उत्सव के रूप में आयोजित करने पर जोर

बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान को जनपद के विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और नगर वार्डों में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए। गांव-गांव में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

विद्युत, पेयजल और सड़कों की समस्याओं के समाधान के निर्देश

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के अधिकारियों को गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पाइपलाइन में लीकेज अथवा पाइप टूटने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।

वर्षा ऋतु समाप्त होने के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग और अन्य कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। यदि किसी समस्या का समाधान संभव न हो तो संबंधित जनप्रतिनिधि को उसके कारणों से अवगत कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी लालगंज अजीत कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मिर्जापुर एवं चुनार, तहसीलदार सदर दीक्षा पाण्डेय सहित भाजपा पदाधिकारी नितिन विश्वकर्मा एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें