चुनार में पांच शातिर चोर गिरफ्तार, छह लाख के आभूषण व एक लाख नकद बरामद

चुनार में पांच शातिर चोर गिरफ्तार, छह लाख के आभूषण व एक लाख नकद बरामद

मीरजापुर। चुनार पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के चोरी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, पासबुक और आधार कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक तिवारी (21), मोहित तिवारी (29) निवासी पचराव, थाना चुनार, अनुज तिवारी (26) निवासी दिनदासपुर, थाना जंसा, पार्थ उर्फ साहिल (24) निवासी जंसा तथा मोहम्मद शान (21) निवासी सजोई, थाना जंसा, जनपद वाराणसी शामिल हैं। पुलिस ने सभी को शुक्रवार की रात करीब 2:03 बजे चुनार किला परेड ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले बंद मकानों की रेकी करते थे। गिरोह के कुछ सदस्य घर के बाहर खड़े होकर आने-जाने वालों पर नजर रखते थे, जबकि अन्य सदस्य ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश कर आभूषण और अन्य सामान चोरी करते थे। चोरी की संपत्ति को आपस में बांटने के बाद उसे बेच दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि बाजार की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए आरोपी ट्रेन और बसों से अलग-अलग स्थानों पर जाकर चोरी के आभूषण बेचते थे।

बरामद सामान में एक हार, एक सीकड़ी, दो लॉकेट मंगलसूत्र, दो जोड़ी कंगन, सात जोड़ी कान की बाली, सात अंगूठियां, सात जोड़ी पायल और दो जोड़ी घुंघरूदार पायल शामिल हैं। इसके अलावा एक लाख रुपये नकद और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई थाना चुनार में दर्ज मु0अ0सं0 303/2026 और मु0अ0सं0 362/2026 से संबंधित चोरी के मामलों में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी कस्बा अखिलेश कुमार यादव, चौकी प्रभारी कजरहट सदानन्द सिंह, चौकी प्रभारी अदलपुरा कुमार संतोष कुमार, मुख्य आरक्षी धनराज यादव, आरक्षी दिग्विजय और नरेन्द्र मौर्या शामिल रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें