
युवक को जंगल में ले जाकर पीटने के मामले में चार गिरफ्तार
मीरजापुर। हलिया थाना क्षेत्र में एक युवक को जंगल में ले जाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। घटना का वीडियो छह सितंबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
पीड़ित मोहम्मद सैफ के पिता मुमताज निवासी सोठिया खुर्द की तहरीर पर थाना हलिया में छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को नामजद आरोपितों में से मन्नान सिद्दीकी (19) निवासी लायन, थाना लालगंज, मनीष पटेल (24) निवासी लायन, थाना लालगंज तथा जाने आलम (19) और नौशाद (20) निवासी राजपुर, थाना हलिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष आपस में सगे रिश्तेदार हैं। मन्नान की बहन से बातचीत करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक को जंगल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हलिया उपनिरीक्षक राजीव कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मोहन लाल तथा रिक्रूट आरक्षी दिनेश कुमार, अंकित शाहू, पवन कुमार और अनिल राजपूत शामिल रहे।














