
शादी समारोहों में रेकी कर बाइक चोरी करने वाला वाहन चोर गिरफ्तार

मीरजापुर। जमालपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ शादी समारोहों में मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी करता था और बाद में उन्हें बेच देता था।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम घरवाह निवासी रीन्टू पुत्र हीरालाल बियार एक मई 2026 को रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में थाना जमालपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान 11 सितंबर को जमालपुर पुलिस टीम को मुखबिर से वाहन चोर के संबंध में सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मीरजापुर रेलवे स्टेशन के पास से नीतीश कुमार विन्द (22) पुत्र शिवलोचन विन्द निवासी बेलाडीह, थाना चांद, जिला कैमूर भभुआ, बिहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर शेरवां पहाड़ी के नीचे स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखी गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शादी समारोहों में मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी करने और उन्हें बेचने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
बरामद मोटरसाइकिल
– पैशन प्रो — रजिस्ट्रेशन नंबर UP67P6759
– स्प्लेंडर प्लस — रजिस्ट्रेशन नंबर UP63Y5674
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार नीतीश कुमार विन्द के विरुद्ध थाना जमालपुर में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी एवं चोरी के वाहनों से संबंधित धाराओं में मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार, थानाध्यक्ष जमालपुर, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार सेठ, चौकी प्रभारी शेरवां, उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव, मुख्य आरक्षी रणजीत यादव, राधेमोहन तथा आरक्षी सत्यविजय, अगम सिंह और मनीष कुमार शामिल रहे।















