ई-रिक्शा सवार महिला के गले से लॉकेट झपटकर भागे थे, दो गिरफ्तार

ई-रिक्शा सवार महिला के गले से लॉकेट झपटकर भागे थे, दो गिरफ्तार

मीरजापुर। कोतवाली कटरा पुलिस ने स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से छीना गया एक लॉकेट, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा 220 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय/जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को अर्चना तिवारी पत्नी प्रशांत तिवारी, निवासी खुरमा थाना मांडा, जनपद प्रयागराज ने कोतवाली कटरा में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह रोडवेज से ई-रिक्शा द्वारा चिकित्सक को दिखाने रमईपट्टी जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके गले से लॉकेट झपट्टा मारकर छीन लिया और फरार हो गए।

घटना के संबंध में कोतवाली कटरा में मुकदमा अपराध संख्या 286/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी और छीने गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए भौतिक एवं इलेक्ट्रानिक साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान प्रकाश में आए दो अभियुक्तों को शनिवार 12 सितंबर को रेलवे कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रिन्स सोनी उर्फ प्रिन्सू (27 वर्ष), निवासी बाबा कॉलोनी, कोतवाली कटरा, मीरजापुर और कृष्णा (18 वर्ष), निवासी गैलेक्सी होटल के पास लालडिग्गी, कोतवाली कटरा, मीरजापुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से घटना से संबंधित एक लॉकेट (पीली धातु), 220 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नन्हक सिंह तथा मुख्य आरक्षी धीरेन्द्र यादव, ज्ञानेन्द्र सिंह और मुकेश चौहान शामिल रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें