जीआरपी मिर्जापुर ने बरामद किए 108 गुम मोबाइल, कीमत करीब 25 लाख रुपये

जीआरपी मिर्जापुर ने बरामद किए 108 गुम मोबाइल, कीमत करीब 25 लाख रुपये

50 से 55 लोगों को थाने बुलाकर लौटाए गए मोबाइल, शेष फोन भी मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया जारी

मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यात्रियों के गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में जीआरपी मिर्जापुर को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न तिथियों में दर्ज शिकायतों के आधार पर कुल 108 अदद मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी सहायता से गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए।

बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के लिए रविवार को 50 से 55 लोगों को जीआरपी थाने बुलाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सामूहिक रूप से मोबाइल फोन वितरित किए गए। शेष बरामद मोबाइलों को भी उनके मालिकों की पहचान और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों को राहत मिली। जीआरपी की इस कार्रवाई को यात्रियों की संपत्ति की सुरक्षा और पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें