झमाझम बारिश से मिर्जापुर बेहाल, सड़कें बनीं मुसीबत

झमाझम बारिश से मिर्जापुर बेहाल, सड़कें बनीं मुसीबत

गड्ढे, गंदगी और जलभराव से राह चलना दुश्वार, अतिक्रमण ने बढ़ाई परेशानी

मीरजापुर। जिले में रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नगर विधानसभा क्षेत्र की ज्यादातर सड़कें बदहाल होने के कारण बारिश के बाद लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जगह-जगह सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर गया है, वहीं गंदगी और जलभराव ने राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। कई स्थानों पर अतिक्रमण के चलते सड़कें पहले से ही संकरी हैं, ऐसे में बारिश ने स्थिति और खराब कर दी है।

बारिश के दौरान सड़क पर पैदल चलना हो या वाहन से निकलना, दोनों ही मुश्किल हो गया है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। दोपहिया वाहन चालक विशेष रूप से परेशान हैं। कई मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार हो रही बारिश को लेकर अब लोग भी कहने लगे हैं कि भगवान, अब दस दिन तक पानी नहीं चाहिए। नदी-नाले भी उफान पर हैं और लगातार बारिश से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने भी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।

हालांकि बारिश के बीच शहरवासियों के लिए राहत की बात यह है कि विद्युत व्यवस्था अभी सुचारू रूप से चल रही है। लगातार बारिश के बावजूद बिजली आपूर्ति सामान्य रहने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

गंगा अभी खतरे के निशान से नीचे

लगातार बारिश के बीच गंगा के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। केंद्रीय जल आयोग के ओझला पुल गेज स्थल पर एक सितंबर की सुबह गंगा का जलस्तर 75.620 मीटर दर्ज किया गया, जिसमें पिछले 12 घंटे में नौ सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है।

हालांकि गंगा अभी खतरे के निशान 77.724 मीटर से नीचे है, इसलिए फिलहाल यह शहरवासियों के लिए राहत की बात है। लेकिन जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की निगाहें गंगा के जलस्तर पर टिकी हुई हैं।

बारिश का दौर यदि इसी तरह जारी रहा तो नगर की बदहाल सड़कों, जलभराव और नालियों की सफाई की समस्या आने वाले दिनों में और गंभीर हो सकती है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग की है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें