
मिर्जापुर: दुष्कर्म व पॉक्सो के चार मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार, 27 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई
मिर्जापुर, 4 अगस्त। मिर्जापुर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। सभी मामलों में पुलिस ने विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
पड़री थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में अर्जुनपुर पाठक निवासी मोहित भारती को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में समोगरा निवासी अंकुश सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
अहरौरा थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में डोहरी निवासी उदय को गिरफ्तार किया गया। मामले में पहले छेड़खानी, अश्लील हरकत, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसे विवेचना के दौरान गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट में परिवर्तित किया गया।
लालगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में सुभाव राजा निवासी अभिषेक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर सभी मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 27 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें विन्ध्याचल से 1, कोतवाली देहात से 2, चिल्ह से 3, चुनार से 1, जमालपुर से 5, सन्तनगर से 2, मड़िहान से 1, राजगढ़ से 8 तथा लालगंज से 4 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।















