
बिजली चेकिंग के दौरान जेई से अभद्रता, जान से मारने व ट्रांसफार्मर उड़ाने की धमकी का आरोप

मिर्जापुर। हलिया थाना क्षेत्र के ग्राम बथौरा में बिजली चेकिंग के दौरान एक युवक पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) से अभद्रता, जान से मारने तथा पावर हाउस का ट्रांसफार्मर उड़ाने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में जेई ने थाना हलिया में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर के अनुसार 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र हलिया एवं देवरी उत्तर के अवर अभियंता समाशंकर 4 अगस्त को अपनी टीम के साथ ग्राम बथौरा में विद्युत चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अनुराग अड़हरी वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि उसने जान से मारने तथा पावर हाउस के ट्रांसफार्मर को विस्फोट से उड़ाने की धमकी भी दी।
अवर अभियंता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने घटना का वीडियो भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराने का उल्लेख किया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।











