
बिजली विभाग की समस्याओं को लेकर जूनियर इंजीनियरों ने मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन
मिर्जापुर। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, उत्तर प्रदेश के बैनर तले विद्युत विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विभागीय मांगों को लेकर मुख्य अभियंता (वितरण) मिर्जापुर क्षेत्र को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने वितरण परिवर्तकों की क्षतिग्रस्तता रोकने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
कार्यक्रम में केंद्र से पर्यवेक्षक के रूप में पूर्वांचल के संरक्षक अवधेश मिश्रा उपस्थित रहे। पूर्वांचल अध्यक्ष नीरज बिन्द, पूर्वांचल उपाध्यक्ष एवं मिर्जापुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम सिंह तथा क्षेत्रीय सचिव अभिषेक प्रजापति ने प्रमुख रूप से सहभागिता की।
ज्ञापन में संगठन ने वितरण परिवर्तकों की क्षति रोकने, विद्युत कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध कराने, तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था, उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियों पर रोक लगाने तथा विभागीय कार्यप्रणाली को सुचारु बनाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने पर उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति और कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जनपदों के जिला अध्यक्ष एवं सचिव भी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने विभागीय समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए संगठन की एकजुटता प्रदर्शित की।















