
भारी बारिश से आमघाट पुल पर चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद, तीन दिन बाद बहाल होने की उम्मीद
मिर्जापुर। पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश और नदी में बढ़े जलस्तर के कारण आमघाट पुल पर चारपहिया वाहनों का आवागमन एहतियातन रोक दिया गया है।जबकि टू व्हीलर आ जा रहा है। प्रशासन ने पुल के समीप नदी किनारे की क्षतिग्रस्त सड़क और मिट्टी धंसने वाले हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। अधिकारियों के अनुसार यदि मौसम अनुकूल रहा तो लगभग तीन दिन बाद सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल किए जाने की संभावना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार वर्षा के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के पास वाले हिस्से की मिट्टी कटकर खिसक गई है, जिससे सड़क की सुरक्षा प्रभावित हुई है। किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए प्रशासन ने तत्काल चारपहिया वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी। मौके पर मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
इधर, क्षेत्रीय नागरिकों ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी सुझाव दिया है। उनका कहना है कि भरूहना चौराहे पर एक सूचना बोर्ड लगाया जाना चाहिए, ताकि चारपहिया वाहन चालक पहले ही जान सकें कि आमघाट पुल की ओर आवागमन बंद है। लोगों का कहना है कि चुनार अथवा अघवार चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तो वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था है,
लेकिन भरूहना चौराहे पर सूचना बोर्ड न होने के कारण कई वाहन चालक अनावश्यक रूप से पुल तक पहुंच जाते हैं और फिर वापस लौटने को मजबूर होते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।















