मिर्जापुर में नाबालिग लड़कियों को भगाने के मामले में दो आरोपी दबोचे गए

मिर्जापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दहेज हत्या समेत विभिन्न मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 जुआरी भी दबोचे
मिर्जापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के अभियान के तहत मिर्जापुर पुलिस ने शुक्रवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या, नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और जुआ खेलने के मामलों में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 7 व्यक्तियों के विरुद्ध भी निवारक कार्रवाई की गई।
दहेज हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
थाना लालगंज पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में नामजद आरोपी सत्यदेव पाल और कल्लू पाल उर्फ लक्ष्मण को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मृतका की मां चम्पा देवी की तहरीर पर 5 अगस्त को दहेज प्रताड़ना और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नाबालिग लड़कियों को भगाने के मामले में दो आरोपी दबोचे
लालगंज पुलिस ने तीन नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने, मारपीट और बंधक बनाने के मामले में जय प्रकाश और धीरज को गिरफ्तार किया। पुलिस पहले ही तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर चुकी थी। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
जुआ खेलते दो गिरफ्तार, नकदी व तीन बाइक बरामद
थाना जमालपुर पुलिस ने मठना नहर के पास सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे जय प्रकाश पटेल और विकास पटेल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 2,000 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
7 लोगों पर निवारक कार्रवाई
जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत 7 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें कोतवाली देहात, अदलहाट, हलिया, ड्रमंडगंज और मड़िहान थाना क्षेत्र के लोग शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें