
मड़िहान पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में पांच शातिर चोरों को दबोचा, चोरी की बाइक बरामद
मीरजापुर, 27 अगस्त 2026 मड़िहान थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अतरौरा निवासी राम समुझ सिंह ने 26 अगस्त को मड़िहान थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके गैराज में खड़ी हीरो स्मार्ट मोटरसाइकिल संख्या UP63Y3843 चोरी हो गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में मड़िहान पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। इसी क्रम में 27 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रजौहा मोड़ नहर के पास वाहन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोगों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान उनके पास से चोरी की हीरो स्मार्ट मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में संदीप पटेल (26), मनोज पटेल (38), अजित पटेल (22), विजय कुमार पटेल (48) सभी थाना करमा, जनपद सोनभद्र के निवासी हैं, जबकि भागीरथी उर्फ बबली (46) निवासी राजगढ़, थाना अमिलिया, जनपद सिंधी, मध्य प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए आरोपितों के खिलाफ मु0अ0सं0-213/2026, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र भूषण मौर्य, उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार दूबे, रामआशीष सिंह यादव समेत थाना मड़िहान की पुलिस टीम शामिल रही।















