मिर्जापुर: अवैध पिस्टल व तमंचे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुर: अवैध पिस्टल व तमंचे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, विन्ध्याचल पुलिस की कार्रवाई
मिर्जापुर। विन्ध्याचल पुलिस ने अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह एवं उप निरीक्षक गणेश पाण्डेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना विन्ध्याचल क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी स्थित गौरीशंकर मंदिर के पास से मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघवेन्द्र (23) निवासी, थाना विन्ध्याचल तथा राजेश (36) निवासी थाना कोतवाली शहर, मिर्जापुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक कारतूस, एक 315 बोर का अवैध तमंचा तथा एक कारतूस बरामद हुआ।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी बरामद किए। इस संबंध में थाना विन्ध्याचल पर मुकदमा संख्या 318/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राघवेन्द्र यादव के विरुद्ध वर्ष 2020 का एक पूर्व आपराधिक मुकदमा भी थाना विन्ध्याचल में दर्ज है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें