
मिर्जापुर में दो मासूम भाइयों की गड्ढे में डूबने से मौत, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
मिर्जापुर। जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में गड्ढे में मिले शवों से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना मंगलवार शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक दोनों बच्चे 8 और 9 वर्ष के सगे भाई बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, एक बच्चे के पिता का नाम कड़ेदिन तथा दूसरे के पिता का नाम कालू है। दोनों बच्चे घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक गड्ढे में मृत मिले।
परिजनों का आरोप है कि दोनों बच्चों के शरीर पर चोट के निशान हैं। उनका कहना है कि यह केवल डूबने की घटना नहीं है, बल्कि किसी साजिश के तहत बच्चों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंके गए हो सकते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई । पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद मातम का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे हुए हैं और पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।















